Skip to main content

नए कॉलेजों में कोर्स शुरू करने को लेकर उच्चतर शिक्षा विभाग ने अभी तक नहीं की स्थिति स्पष्ट

उपमंडल में खुलने वाले कॉलेजों के लिए उच्चतर शिक्षा विभाग ने अभी तक कोई गाइडलाइन जारी नहीं की है। कॉलेजों में कौनसे कोर्स शुरू होंगे और उनका सब्जेक्ट कोंबिनेशन क्या होगा, यह भी अब तक स्पष्ट नहीं है। ऐसे में दाखिला प्रक्रिया शुरू होने पर विद्यार्थियों के सामने इन कॉलेजों में दाखिला लेने को लेकर परेशानी खड़ी हो जाएगी।

4 अगस्त को सीएम मनोहर लाल ने प्रदेश में 11 नए कॉलेज खोलने की घोषणा की थी। इनमें दो कॉलेज उपमंडल के भैंसवाल कलां और बरोदा गांव में खोले जाने हैं। दोनों ही कॉलेजों में चालू सत्र से ही कक्षाएं शुरू की जानी हैं। इसके लिए राजकीय महिला कॉलेज के प्राचार्य दिनेश सहारण दोनों ही कॉलेजों के अस्थाई भवनों का निरीक्षण कर चुके हैं। कॉलेजों में कक्षाओं को लेकर उन्होंने अपनी रिपोर्ट भी भेज दी है। दोनों गांवों में कॉलेज सरकारी स्कूल के भवन में शुरू किया जाएगा।

कॉलेज शुरू होने से आसपास के गांवों के विद्यार्थियों को फायदा होगा। किंतु विडंबना यह है कि विभाग ने अभी तक कॉलेजों में शुरू किए जाने वाले कोर्सों की सूची जारी नहीं की है। ऐसे में 12वीं उत्तीर्ण कर उच्च शिक्षा ग्रहण करने के लिए कॉलेजों में दाखिला लेने का इंतजार कर रहे विद्यार्थियों की परेशानी बढ़ गई है। नजदीक कॉलेज होने के बावजूद भी उन्हें अभी तक नहीं पता है कि उन्हें जो कोर्स करना है, वह कोर्स उनके नजदीकी कॉलेज में पढ़ाया जाएगा अथवा नहीं।

विवि ने जारी नहीं किया है दाखिलों का शैड्यूल

कॉलेजों में नए सत्र के लिए दाखिला प्रक्रिया जून माह में शुरू होती थी। इस बार कोरोना महामारी के चलते अभी तक महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी और बीपीएस महिला विवि ने दाखिलों का शैड्यूल जारी नहीं किया है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3b1B6dz