
पिछले सप्ताह कोरोना को लेकर कुछ दिन राहत भरे बीते थे। संक्रमित केस कम मिलने से लगने लगा था कि शायद जिले में इस पर जल्दी काबू पा लिया जाएगा लेकिन इस सप्ताह पहले ही दिन फिर से कोरोना वायरस रफ्तार पकड़ गया। कोरोना की वजह से सोमवार को भी दो और मौत हो गई।

पिछले कई दिनों से दिल्ली स्थित फोर्टिस अस्पताल में एडमिट विधायक सुभाष सुधा के बड़े भाई रमेश सुधा भी कोरोना से जंग हार गए। सोमवार को जिले में एक ही दिन में रिकॉर्ड 322 मरीज ठीक भी हुए, लेकिन दिन में 162 संक्रमित और मिल गए।
दिल्ली में एडमिट थे रमेश
विधायक सुभाष सुधा के बड़े भाई रमेश सुधा पिछले माह कोरोना की चपेट में आए थे। उनके साथ ही उनका बेटा भी संक्रमित हुआ था। दोनों को दिल्ली अस्पताल में भर्ती किया। पहले बेटे की हालत नाजुक थी, लेकिन उसने जल्द ही रिकवरी कर ली। वहीं रमेश सुधा की हालत बिगड़ती चली गई। उनकी किडनी में भी दिक्कत हो गई। वहीं निमोनिया भी हो गया। पिछले 25 दिनों से खुद विधायक व अन्य परिजन दिल्ली में ही रहकर उनका इलाज करा रहे थे। गत सप्ताह रमेश सुधा को वेंटिलेटर पर रखा गया। बीच में हालत सुधरती भी दिखी, लेकिन दोबारा फिर हालत बिगड़ गई। सोमवार दोपहर बाद रमेश सुधा ने आखिरी सांस ली।
जिले में 91 व स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड 88 लोगों की मौत
रमेश सुधा के अलावा एक और मरीज कोरोना से जिंदगी हार गई। कुरुक्षेत्र निवासी 75 वर्षीय महिला को कुछ दिन पहले ही कोरोना के चलते कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में एडमिट किया था। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बता दें कि जिले से संबंधित 91 से ज्यादा लोगों की मौत कोरोना से हो चुकी है। कुरुक्षेत्र स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड में यह संख्या 88 है। कुछ लोगों का रिकॉर्ड दूसरे जिलों में दर्ज है।
सोमवार को रिकॉर्ड एक ही दिन में 322 मरीजों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। अब तक 4355 मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं। जिले में रिकवरी रेट लगातार सुधर रहा है।
जिले में फिर बढ़ी स्पीड, 162 हुए संक्रमित: पिछले कुछ दिनों से संक्रमितों की संख्या में गिरावट हुई थी। पहले सौ से ज्यादा केस रोज मिल रहे थे। बीच में यह संख्या गिर कर 29 पर भी आई थी, लेकिन अब फिर से कोरोना वायरस स्पीड पकड़ गया। सोमवार को 162 केस मिले। अब तक 5367 संक्रमित जिले में मिल चुके हैं।
एक्टिव केस 924, घर में आइसोलेट 617: एक साथ 322 मरीज ठीक होने से एक्टिव केस भी घट कर 924 रह गए। इनमें से 617 मरीज घर पर ही आईसोलेट हैं। वहीं करीब 300 मरीज विभिन्न अस्पतालों व कोविड केयर सेंटरों में एडमिट किए हैं। उधर विदेशों से लौटे लोगों में से 745 अभी भी सर्विलांस पर हैं।
1126 हुए सैंपल : प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग सैंपलिंग बढ़ाने पर जोर दे रहा है, लेकिन कुछ दिनों से सैंपलिंग का आंकड़ा हजार के आसपास ही चल रहा है। सोमवार को भी 1126 टेस्ट हुए। अब तक 78092 सैंपल हो चुके हैं। राहत की बात यह है कि इनमें से 72199 सैंपल निगेटिव मिले हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/30gJuS8