रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर रोगी को ढूंढने में लगे 15 घंटे, फोन कर लिया बंद, बोला-ठिकाना नहीं था, 4 दिन टाउन पार्क में साेया
कोविड नोडल अफसर बायोलॉजिस्ट डॉ. रमेश पूनिया ने अपनी टीम व पुलिस की साइबर एक्सपर्ट के सहयोग से स्वास्थ्य विभाग के गले की फांस बने कोरोना संक्रमित रोगी को तलाश कर कोविड केयर सेंटर में आइसोलेट करवाया। रोगी ने अपना फोन बंद कर लिया था। ऐसे में उसे ढूंढ़ने के लिए बायोलॉजिस्ट की टीम को 15 घंटे लगे। वह मॉडल टाउन में मिला। इसके साथ तीन और श्रमिक थे। रोगी ने बताया कि कोई आसरा नहीं था। इसलिए चार दिन से टाउन पार्क में आकर सो जाता था।
बायोलॉजिस्ट डॉ. रमेश पूनिया ने बताया कि मध्यप्रदेश के भिंड जिले से चार मजदूर हिसार आए थे। इन्होंने सिविल अस्पताल में अपनी स्वास्थ्य जांच व सैंपलिंग करवाई थी। शनिवार को लैब से उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इससे हेल्थ टीम ने संपर्क का प्रयास किया लेकिन फोन बंद आया था। स्वास्थ्य विभाग के लिए चिंता का कारण बने रोगी को तलाशने के लिए बायोलॉजिस्ट डॉ. पूनिया, एमपीएचडब्लू नूर मोहम्मद और आशीष कुमार के साथ चल दिए। 15 घंटे के भीतर के पूरे शहर के कई इलाकों में तलाश की। फुटपाथ से लेकर रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, रेलवे पुल इत्यादि स्थल जहां मजदूरों के मिलने की उम्मीद है, उन्हें खंगाल दिया। वहां रोगी नहीं मिला।
आखिर में साइबर एक्सपर्ट की मदद से मॉडल टाउन स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के पास खाली प्लॉट में मजदूर बैठे मिले थे। तब पता चला कि रोगी टाउन पार्क में चार दिन तक सोया था। इस दौरान अर्बन एस्टेट चौकी इंचार्ज जगदीश कुमार की मौजूदगी में रोगी से पूछताछ की गई। हेल्थ विभाग से चालक रामनिवास भी मौजूद रहा।
जिले में चार नये कोरोना रोगी मिले
रविवार को जिले में चार नये कोरोना रोगी मिले हैं। इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या बढ़कर 129 पहुंच गई है। बता दें कि मेला ग्राउंड एरिया में गुरुगाम से लौटा दंपति जिसमें 32 वर्षीय पति व 25 वर्षीय पत्नी, मिलगेट शिव नगर में होम आइसोलेट पिता के संपर्क से 19 वर्षीय बेटा और कैंट के पास सातरोड एरिया में मिले संक्रमित रोगी के संपर्क में आए 30 वर्षीय युवक की रिपोर्ट पाॅजिटिव मिली है।
आईडीएसपी इंचार्ज डॉ. जया गोयल के निर्देश पर नोडल ऑफिसर डॉ. सुभाष खटरेजा और पब्लिक हेल्थ मैनेजर डॉ. सुरभि ने रोगियों की जानकारी हासिल की। इसके साथ उनके संपर्क में आए लोगों का नाम, पता व फोन नंबर इत्यादि डिटेल ली।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/30CszKW