कोरोना जिले में लगातार बढ़ता जा रहा है। उसकी रफ्तार इतनी है कि पांच दिन में ही केस दोगुणा हो गए। पहला केस 11 अप्रैल को आया था। यानी देश में कोरोना की दस्त के 71 दिन बाद यमुनानगर में कोरोना ने दस्तक दी थी। तब यमुनानगर में दो दिन में तीन केस आए थे। इसके बाद कई दिन तक कोई केस नहीं आया।
20 केस होने में 57 दिन का समय लगा। ये 20 केस करीब चार हजार लोगों के सैंपल लेने पर सामने आए थे। लेकिन इसके बाद 40 केस होने में मात्र पांच दिन ही लगे। अगले 20 केस 600 सैंपल की जांच में निकले हैं। इस तरह से कोरोना ने रफ्तार पकड़ ली है। अब हालात ऐसे हैं कि मुश्किल से कोई दिन जा रहा जिस दिन पॉजिटिव केस सामने नहीं आ रहा। 80 प्रतिशत पॉजिटिव केसों का कनेक्शन या तो दिल्ली से या फिर कालाअंब से है। वहीं पहले जहां जिले में पॉजिटिव मिलने वालों के संपर्क में आए लोग संक्रमित नहीं हो रहे थे, अब संपर्क में आए लोग भी संक्रमित मिल रहे हैं। सिविल सर्जन डॉक्टर विजय दहिया का कहना है कि इस समय सभी को संभलने की जरूरत है। वहीं रविवार को जिले में कोरोना का कोई केस नहीं आया।
कालाअंब से कनेक्टेड आठ से नौ लोग मिल चुके
कालाअंब में ओरिसन कंपनी का एक कर्मचारी पॉजिटिव मिला था। इसके बाद दूसरे कर्मचारी और मालिक का परिवार तक संक्रमित हुआ। इस कंपनी से निकला कोरोना के संक्रमण से यमुनानगर जिले का ग्रामीण एरिया साढौरा भी कोरोना की चपेट में आ गया है। यहां पर अब तक कंपनी से जुड़े छह लोग संक्रमित मिल चुके हैं। वहीं दो ऐसे हैं जोकि रहने वाले साढौरा एरिया से हैं, लेकिन उनका टेस्ट नारायणगढ़ में हुआ। इसके साथ ही दो के टेस्ट हिमाचलप्रदेश में हुए थे। वहीं गांव गाड़वाली में 37 वर्षीय महिला काेराेना पॉजिटिव मिलने से स्वास्थ विभाग एकदम हरकत में आया।
महिला कालाअंब में फार्मा कंपनी में काम करती है। उसका पति दूध बेचता है। एसएमओ डॉक्टर शमा परवीन ने बताया कि गाड़वाली निवासी महिला के पति व दो बच्चों समेत आसपास के कुछ लोगों के सैंपल लिए हैं। डॉ. प्रवीण ने बताया कि गांव काठगढ़, सफीलपुर व बुड्ढी गांव के 5 ग्रामीण भी कालाअंब स्थित फार्मा कंपनी में नौकरी करते थे। उनका भी टेस्ट के लिए सैंपल लिया गया है।
दिल्ली और एनसीआर से आए 11 लोग मिले कोरोना से संक्रमित
ऐसे 11 लोग हैं जोकि दिल्ली या एनसीआर से आए हैं और यहां पर आकर टेस्ट कराया तो उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इन लोगों के संपर्क में आने से लोग संक्रमित हुए हैं। इन लोगों ने भी जिले में संक्रमण बढ़ाया
संक्रमित नर्स के संपर्क में आए स्टाफ व परिवारवालों की ट्रेसिंग शुरू
शनिवार देर शाम जो चार कोरोना पॉजिटिव मिले हैं उसमें जगाधरी सिविल अस्पताल की एक नर्स भी पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग ने उसे संपर्क में आए स्टाफ, परिवार के सदस्यों और अन्य की ट्रेसिंग शुरू कर दी है। परिवार के लोगों के सैंपल लिए गए हैं।
बुजुर्ग महिला की मौत, टेस्ट होगा
प्राइवेट अस्पताल में रविवार को एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। उसे सांस लेने में दिक्कत थी। शव को स्वास्थ्य विभाग ने कब्जे में ले लिया है। महिला का कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट आने तक शव परिजनों को नहीं दिया जांएगा। इसी तरह शुक्रवार को भी एक युवती की संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी। उसका भी शव परिजनों को कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट आने के बाद दिया जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2N3IZDT