
कृषि कानूनों के विरोध में रविवार को टोल नाकों के अलावा ग्रामीण इलाकों में भी किसानों ने प्रदर्शन किए। मय्यड़, लांधड़ी, चौधरीवास और बाड्डो पट्टी टोल पर धरना जारी रहा। वहीं किसान प्रदेश में भाजपा के कार्यक्रमों का बहिष्कार कर रहे हैं। शनिवार को आरंभ हुए भाजपा के दो दिवसीय मंडल स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का समापन रविवार शाम को हुआ। टाउन पार्क के सामने सालासर कॉम्प्लेक्स में 7 घंटे तक कार्यक्रम हुआ।
किसान संगठनों को इसकी भनक लगी तो प्रशासन ने सुबह 9 बजे से भारी पुलिस तैनात कर दी। दोपहर करीब सवा 2 बजे किसान समर्थक आंदोलन विस्तार मोर्चा के सदस्य नारेबाजी करते हुए पहुंच गए। सवा 3 बजे तक नारेबाजी की। हालांकि भारी पुलिस बल के चलते कार्यकर्ता भवन से लगभग दो सौ गज दूर ही रहे। इसके बाद सभी वापस चले गए। कार्यक्रम साढ़े 3 बजे तक रहा तथा पुलिस बल शाम 4 बजे डटा रहा। इस प्रदर्शनकारियों में दलजीत पंघाल, प्रशांत कुमार, ज्योति प्रकाश कौशिक, संजीव भोजराज, अनु सूरा, मान सिंह चौहान, राजीव सरदाना, डॉ. महावीर शर्मा, संजय बूरा, ललित सैनी, अनिल शर्मा सातरोड़ तथा राजपाल आदि शामिल रहे।
चौधरीवास टोल पर रविवार को 17वें दिन धरने की अध्यक्षता रघुवीर सिंह गांवड़ ने की। धरना स्थल पर किसानों ने उमेद सिंह की अध्यक्षता में मीटिंग की। जिसमें सूबे सिंह बूरा, राजकुमार, रमेश और वजीर सिंह ने भी हिस्सा लिया। मीटिंग में फैसला लिया कि अखिल भारतीय किसान-मजदूर संघर्ष समिति के आह्वान पर 13 जनवरी को हर गांव में पुतला दहन कार्यक्रम के साथ कृषि कानूनों की प्रतियां फूंकीं जाएंगी।
इस मौके पर सुभाष कौशिक, परमानंद, सतवीर सिंह, आजाद श्योराण, दाना राम जांगड़ा, कुलदीप, सुभाष मंजू, हरप्रीत सिंह संधू, गुरमेज सिद्धू, वीरेंद्र बराड़, राजकुमार बिश्नोई, दलीप सिंह ढाका, सत्यवान, देवीलाल, बलजीत, रघुवीर सिंह, कृष्ण चौटाला, बलवंत, बंसीलाल, मांगेराम जाखड़ मौजूद थे। उधर, अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि तीन कृषि कानून किसानों के लिए मृत्यु का पैगाम लेकर आए हैं। किसान अपनी उचित मांगों और बच्चों के भविष्य के लिए बलिदान दे रहे हैं, उनकी अमरगाथा इतिहास के पन्नों में लिखी जाएगी। कहा कि केन्द्र सरकार किसानों को वार्ता के नाम पर निरन्तर बरगला कर किसानों के हौसले को तोड़ना चाहती है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2XsQGJ9