किला क्षेत्र से मिट्टी के सैंपल निकालने का काम बुधवार को भी जारी रहा। दिल्ली से आई टीम के विशेषज्ञ किला पार्क के पास बोर करने वाले ट्राई पोड को लगाकर पाइपों के माध्यम से मिट्टी निकालने का काम करते रहे। मिट्टी निकाल रही टीम में शामिल मोहम्मद मुन्नवर, मोहम्मद जफर व एमडी हर्शद ट्राई पोड लगाकर मिट्टी के सैंपल निकाल रहे हैं। उन्होंने बताया कि अभी तक एक ही जगह से मिट्टी सैंपल निकाल पाए हैं। अभी यह काम और भी चलेगा।
पब्लिक हेल्थ ने पीने वाली पाइप लाइन की लीकेज जांच करने का काम बंद कर दिया। मुख्य बाजार एसोसिएशन प्रधान निशांत सोनी का कहना है कि उन्होंने इस बारे में पब्लिक हेल्थ एसडीओ राकेश शर्मा से जांच के बारे में पूछा तो उन्होंने जवाब दिया कि हमारे एक्सईएन ने काम बंद करवा दिया है। अब पाइपों की लीकेज जांच भी दिल्ली की टीम ही करेगी। जब इस बारे में एक्सईएन राजेश कौशिक से बातचीत की तो उन्होंने जवाब दिया कि जब तक दिल्ली की टीम की जांच रिपोर्ट आएगी, तब तक किसी भी प्रकार की अन्य जांच नहीं होगी।
2 दुकानदारों ने तोड़ी दुकान
दुकानदार मदन चावला व सतीश कुमार ने अपनी दुकानों को तोड़ना शुरू कर दिया है। वहीं अन्य दुकानदार बोले कि जब तक हमें दरार आने के असली कारण ही पता नहीं चलेंगे तो नए सिरे से निर्माण कराने का क्या लाभ, क्योंकि नए सीरे से मकान या दुकान बना भी लिए तो उसके बाद में भी दरारें आने का डर बना रहेगा।
वादा करके मुकरे राजनेता : चावला
हम अपनी दुकानों में दरार आने की परेशानी लेकर विधायक समेत अन्य राज नेताओं से मिले थे। सभी ने एक ही भरोसा दिलाया था कि मौके पर आकर दुकानों की जांच भी करेंगे और जितना ज्यादा हो सकेगा उससे ज्यादा सहयोग भी करेंगे। इस तरह के झूठे वायदे अब सबके सामने आ गए हैं। हमारे पास कोई नहीं आया। मदन चावला, दुकानदार।
एक्सईएन बोले-रिपोर्ट आने तक जांच बंद रहेगी
पानी वाली पाइप लाइनों की लीकेज की जांच फिलहाल रोक दी गई है। जब तक दिल्ली के विशेषज्ञों की रिपोर्ट नहीं आ जाती, तब तक अन्य जांच का कोई फायदा नहीं है। फिर भी लोगों से आग्रह है कि अगर किसी की खुद की निजी पाइप लाइन लीकेज है तो वह जांच जरूर कराए। राजेश कौशिक, एक्सईएन, पब्लिक हेल्थ, पानीपत।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2Qsbm0n