जींद-नरवाना राष्ट्रीय राजमार्ग पर झांझ कलां के पास देर रात को 5 बदमाशों ने पिस्ताैल के बल पर बीच सड़क कार खड़ी कर पंजाब के युवक से स्विफ्ट कार छीन ली। युवक सदर थाने पहुंचा और वारदात के बारे में बताया। पुलिस ने बदमाशों की आसपास के एरिया में तलाश की लेकिन उनका कोई भी सुराग नहीं लग पाया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ लूट का केस दर्ज किया है। कुछ दिन पहले पंजाब के ही एक युवक से बदमाशों ने किलाजफरगढ़ गांव के पास पिस्तौल दिखाकर स्कॉर्पियो गाड़ी छीनी थी।
पुलिस अभी तक इस वारदात को ट्रेस नहीं कर पाई थी कि इससे पहले ही बदमाशों ने दूसरी वारदात को अंजाम दे दिया। सदर थाना पुलिस ने रात को ही बदमाशों की तलाश में कई जगहों पर दबिश दी। लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं लग पाया। लगातार हो रही गाड़ी छीनने की वारदातों से पुलिस काे अब रात्रि गश्त और बढ़ाने की जरूरत है।
पटियाला (पंजाब) जिले के सुतराणा स्थित एसएएस नगर निवासी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि वह गुरुग्राम में कार खरीदने और बेचने का काम करता है। 24 अगस्त को वह गुरुग्राम से अपने घर जा रहा था। जब वह करीब रात 11 बजे झांझ कलां गांव के पास पहुंचा तो सामने से एक कार आई। जिससे उसने अपनी कार रोक ली।
तभी उसमें से 5 युवक उतरे और आते ही उन्होंने उसके ऊपर पिस्तौल तान दी। बदमाशों ने उसे कार से उतरने को कहा। फिर वह कार से उतर गया। युवक उसकी और अपनी कार को लेकर फरार हो गए। अंधेरा होने के कारण उन युवकों को चेहरा और कार नहीं पहचान सका। उसने इस वारदात के बारे में सदर थाना पुलिस को सूचना दी। सदर थाना प्रभारी दिनेश कुमार का कहना है कि पुलिस बदमाशों की तलाश में लगी हुई है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3jhIggx