आईटी के इस दौर में सीबीएसई ने भी एक सार्थक कदम उठाया है, अब शहर के किसी भी स्कूल को कागजों की फाइलें लेकर सीबीएसई मुख्यालय में चक्कर काटने की आवश्यकता नहीं होगी। स्कूलों से हर तरह के पत्राचार व सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए सीबीएससी अब पूरी तरह से पेपरलेस होगा। इस बाबत ई-हरकारा नामक पोर्टल विकसित किया है, जिसमें सभी स्कूल अपनी हर तरह की सूचनाएं, शिकायतें, आवेदन, सुझाव आदि संबंधित विभागों व क्षेत्रीय कार्यालय को भेज सकेंगे।
इस पोर्टल को हर स्कूल के लिए अनिवार्य भी कर दिया गया है। बोर्ड की ओर से हिदायत भी है कि एक सितंबर से सीबीएससी किसी भी तरह का ऑफलाइन या ईमेल पत्राचार स्वीकार नहीं करेगा। सभी कार्यवाही ई-हरकारा पोर्टल के जरिए ही होंगी और हर स्कूल को इसका इस्तेमाल करना अनिवार्य होगा।
कार्यवाही सीबीएसई ने पहले ही ऑनलाइन कर दी
स्कूलाें की मान्यता, परीक्षा और एकेडमिक आदि से संबंधित हर तरह की कार्यवाही सीबीएसई ने पहले ही ऑनलाइन कर दी है। कुछ बची खुची व्यवस्थाओं को लॉकडाउन के दौरान पूरी तरह से ऑनलाइन की व्यवस्था की गई, जो अब पूरी कर ली गई है। अब इसे भी पूरी तरह से ऑनलाइन किए जाने के लिए ही ई-हरकारा पोर्टल को विकसित किया गया है।
कागज ही नहीं ईमेल में भी आ रही थी परेशानी
अब तक आवेदनों या शिकायतों पर कोई कार्रवाई न किए जाने की शिकायतें भी मिलती रही हैंं। इसका प्रमुख कारण यही रहा है कि स्कूलों से भेजे जाने वाले पत्राचार पेपर या ईमेल के जरिए कहीं भी भेजे जा सकते थे जो संबंधित पदाधिकारी तक नहीं पहुंचते थे। अब स्कूल अपने लॉगिन आईडी और पासवर्ड का इस्तेमाल कर इसी पोर्टल पर हर जानकारी मुहैया कराएंगे। इससे उनके आवेदन व शिकायतें संबंधित विभाग के जिम्मेदार पदाधिकारी के पास पहुंचेंगे।
इस नई व्यवस्था से एक ओर जहां पेपर का इस्तेमाल पूरी तरह से बंद हो जाएगा, वहीं ई-मेल के जरिए विभागों को पत्र भेजने और उसके उत्तर का इंतजार करने का समय भी बचेगा। पोर्टल के जरिए स्कूल किसी भी विभाग से संबंधित शिकायत उस विभाग तक सीधे पहुंचेगी और उन्हें जवाब भी सीधे मिलेगा। इसमें कम से कम समय लगेगा। पेपर जरा भी खर्च नहीं होगा और कार्रवाई त्वरित सुनिश्चित की जा सकेगी। -वीके मित्तल, अध्यक्ष, सहोदय।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/31v3RMG