
सैनी धर्मशाला में गुरुवार से भाजपा के मंडलाध्यक्षों का दो दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ। पार्टी के सीनियर नेताओं ने पार्टी सिद्धांतों और इतिहास से मंडलाध्यक्षों को रू-ब-रू कराया। प्रशिक्षण में आठ जिलों के मंडलाध्यक्षों को बुलाया गया है। शुक्रवार को सीएम मनोहरलाल व हरियाणा प्रभारी विनोद तावड़े मंडलाध्यक्षों की क्लास लेंगे। शिविर का शुभारंभ सुबह सरस्वती हेरिटेज बोर्ड के वाइस चेयरमैन धुम्मन सिंह किरमिच व लाडवा से पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी ने दीप प्रज्वलित करके किया। पहले दिन छह सत्र आयोजित हुए। इसमें वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
प्रशिक्षण संयोजक ओमप्रकाश अत्रे ने हमारा विचार और हमारा परिवार पर संबोधन दिया। मेहरचंद गहलोत ने समसामयिकी विषय पर अपने विचार रखे। संदीप देशवाल ने सोशल मीडिया की बारीकियों से अवगत कराया। सांसद नायब सैनी ने हमारी कार्यपद्धति एवं संघटन संरचना में हमारी भूमिका विषय पर कहा कि भाजपा एक विचारधारा को लेकर काम करने वाला दल है, जो कार्यकर्ताओं पर आधारित है। इसका प्रत्यक्ष प्रमाण कोरोना संक्रमण काल है। जब पूरा विश्व कोरोना से जूझ रहा था तब कार्यकर्ताओं ने जनसेवा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
हमारी ताकत सामूहिकता और पारस्परिक्ता है, इसी भाव से संगठन को मजबूती मिलती है। कार्यपद्धति में चार बातें महत्वपूर्ण हैं, इनमें योजना बनाना, योजना का क्रियान्वयन, क्रियान्वयन के दौरान उचित निगरानी और समाप्ति के बाद समीक्षा करना। इसको लेकर समय-समय पर कार्यसमिति की बैठकें, प्रवास रचना, कार्ययोजना पर विचार हेतु विशेष बैठकें, कार्य-विस्तर पर चर्चा, संपर्क योजना को लेकर विचार-विर्मश किया जाता है।
आज होगा कार्यालय का भूमिपूजन : जिलाध्यक्ष
जिलाध्यक्ष राजकुमार सैनी ने बताया कि मण्डल अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में सोनीपत, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल, अम्बाला, यमुनानगर, पंचकूला जिला हिस्सा ले रहे हैं। इसमें जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रशिक्षण प्रमुख, मंडल अध्यक्ष भाग ले रहे हैं। शुक्रवार को दूसरे दिन 27 नवम्बर को हरियाणा भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े, मुख्यमंत्री मनोहर लाल तथा केंद्रीय परिवहन राज्यमंत्री वीके सिंह कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूती का मंत्र देंगे। प्रशिक्षण शिविर में शिरकत करने से पहले हरियाणा प्रभारी विनोद तावड़े केडीबी रोड पर सर्किट हाउस के नजदीक सुबह 11 बजे से लेकर एक बजे तक जिला कार्यालय का भूमिपूजन करेंगे।
गिनाई पार्टी उपलब्धियां : सरस्वती हेरिटेज बोर्ड के वाइस चेयरमैन धुम्मन सिंह किरमिच ने भाजपा सरकार की उपलब्धियों को लेकर अपना वक्तव्य दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा युवाओं को मेरिट के आधार पर नौकरी देने की चर्चा अन्य प्रदेशों में भी है। इसके साथ ही पारदर्शिता के आधार पर तबादले से भी कर्मचारी वर्ग खुश है। विकास में भी सरकार की ओर से कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3l94Okb