जवाहरलाल नेहरू नहर में पानी चलने के शेड्यूल में देरी अब शहरवासियों के लिए बड़ी मुसीबत बनती जा रही है। दोनों जलघरों के वाटर टैंक में पानी की कमी होने से मंगलवार को जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से केवल 5 जोन में ही कुछ समय सप्लाई दी जा सकी। ऐसे में आधे से ज्यादा शहर में पेयजल सप्लाई नहीं हो सकी।
इस वजह से सरकुलर रोड के भीतर और बाहरी कॉलोनियों में भी पानी की समस्या रही। लोगों को प्राइवेट टैंकर सप्लायरों से पानी मंगाना पड़ा। हांलाकि जनस्वास्थ्य विभाग अधिकारियों का दावा है कि उनकी तरफ से जो शिकायतें आई थीं, वहां 70 के लगभग टैंकर भी भेजे गए हैं। फिलहाल पानी की यह समस्या 8-9 जनवरी तक रह सकती है।
मंगलवार को शहर में कई जगह पानी की समस्या रही। वार्ड नंबर-17 के अंतर्गत भी कॉलोनी में पानी के लिए लोगों को टैंकर मंगाने पड़े। उनका कहना है कि विभाग को पेयजल के लिए बेहतर व्यवस्था बनानी चाहिए, ताकि दिक्कत नहीं आए। इसी तरह सेक्टर-एक पुराने हाउसिंग बोर्ड में भी पानी की समस्या खड़ी हो गई। यहां भी लोगों को टैंकर मंगाने पड़े।
आज यहां होगी सप्लाई
विभाग की ओर से वाटर टैंक में ट्यूबवैल से पानी एकत्रित किया जा रहा है। इसके बाद बुधवार को केवल ऑफिसर कॉलोनी, सचिवालय, गोल चक्कर, मॉडल टाउन, उत्तम नगर और कालका में ही पेयजल सप्लाई दी जाएगी। ऐसे में बुधवार को भी शहर के बड़े हिस्से में पानी नहीं मिल पाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2XfgYi0