पहली बार युवा दिवस ऑनलाइन मनाया जाएगा। युवाओं को वर्चुअल तरीके से ऑनलाइन अपनी प्रस्तुतियां देनी होंगी। सीबीएसई ने स्कूली विद्यार्थियों के वेबसाइट पर पंजीकरण शुरू किए हैं। प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा अनुसार वीडियो डालने होंगे। वहीं, कॉलेज स्तर पर भी पंजीकरण होंगे। युवा दिवस का वार्षिक इवेंट सरकार की तरफ से वर्चुअल करवाने का फैसला लिया गया है। हर साल 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती के मौके पर युवा समारोह होता रहा है। शिक्षण संस्थानों में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन होता है, लेकिन कोविड के चलते अबकी बार ऑनलाइन मनाया जा रहा है।
कोविड-19 नियमों के तहत बनाने होंगे वीडियो
कोविड-19 को देखते हुए वीडियो बनाने के दौरान सामाजिक दूरी का ख्याल रखते हुए मास्क लगाना होगा। इसके अलावा जो लोग वर्तमान में कोविड पीड़ित हैं या पिछले 14 दिनों में उनमें कोविड 19 के लक्षण देखने को मिले हैं। वे इस प्रतियोगिता का हिस्सा नहीं बन सकते हैं। इसके अलावा जिन्हें संदेह है कि उन्हें कोविड 19 हो सकता है, भले ही उनकी रिपोर्ट अभी तक नहीं आई हो उन्हें भी इस प्रतियोगिता में भाग नहीं लेने के आदेश दिए गए हैं।
नृत्य-संगीत के साथ फाइन आर्ट की भी होगी गतिविधियां
इस प्रतियोगिता का आयोजन कई विधाओं में किया जाएगा। संगीत प्रतियोगिता के तहत दो विधाओं में युवा हिस्सा लेंगे इसमें शास्त्रीय और लोक संगीत शामिल हैं। शास्त्रीय संगीत में इंस्ट्रूमेंटल और वोकल श्रेणी में हिस्सा ले सकेंगे, जबकि लोकसंगीत में सामूहिक रूप से भाग लेना होगा। थियेटर के तहत प्ले ग्रुप और स्ट्रीट प्ले में भाग लेना होगा वहीं विजुअल आर्ट में पेंटिंग व फोटोग्राफी जैसी विधाओं में हिस्सा ले सकेंगे। एक्सप्रेशन आर्ट के तहत क्रिएटिव राइटिंग, कविता, स्टैंडअप कॉमेडी आदि में हिस्सा ले पाएंगे।
इस आयोजन में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को सीबीएसई के पोर्टल पर जाकर पंजीकरण कराना होगा। प्रतियोगिता के लिए नोडल अधिकारियों की सूची भी सीबीएसई के पोर्टल पर जारी की गई है। इसमें भाग लेने के लिए युवाओं की उम्र 18 स 29 वर्ष के बीच होनी चाहिए। यह महोत्सव 12 जनवरी से शुरू होकर 16 जनवरी तक चलेगा। जिनके वीडियो चयनित होंगे उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर भाग लेने का मौका मिलेगा। -वीके मित्तल, अध्यक्ष सहोदय, सोनीपत।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2MwUDdv